पत्थलगांव में ‘गाय चोर गिरोह’ का आतंक: अब बलराम तिवारी की दुधारू गाय भी पार!
सम्पादक श्याम नारायण गुप्ता
_पत्थलगांव/उदयपुर एक्सप्रेस_
पत्थलगांव में इन दिनों चोरों को न जेवर चाहिए, न नकदी। उनकी नजर है तो सीधे पशुपालकों की दुधारू गायों पर! ताजा मामला बलराम तिवारी का है, जिनकी दुधारू गाय रातों-रात गायब हो गई। और सबसे चौंकाने वाली बात, चोर पैदल नहीं, चारपहिया वाहन में ‘बारात’ लेकर आए थे!
*CCTV बोला, चोर पकड़ो!*
पूरी वारदात पास के CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे संदिग्ध चारपहिया वाहन से आए और गाय को लादकर रफूचक्कर हो गए। अब यही फुटेज पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग है।
*पूर्व में भी कई गायें पहले ही ‘लापता’*
ये कोई पहली वारदात नहीं है। इसके पहले भी क्षेत्र से कई गायें चोरी हो चुकी हैं। यानी चोर गिरोह पूरी प्लानिंग के साथ एक के बाद एक वारदात को अंजाम दे रहा है। पशुपालकों का कहना है, रात को गाय बांधकर सोना अब डरावना सपना बन गया है।
*पुलिस के सामने ‘चुनौती’*
लगातार चोरियों के बाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीण पूछ रहे हैं, जब CCTV में चोर दिख रहे हैं, तो गिरफ्तारी कब होगी? देखना होगा कि पुलिस इस ‘गाय चोर’ मिस्ट्री को कब सुलझाती है।










