पत्थलगांव में अनोखी चोरी – खेत में खड़ी धान की बाली ऊपर-ऊपर से काटकर ले गए, किसान ने थाने में दी शिकायत, कार्रवाई नहीं
अब किसान पूछ रहा है मेहनत मेरी, फसल मेरी, चोर बोलेरो में ले उड़े और पत्थलगाव पुलिस खामोश?
सम्पादक श्याम नारायण गुप्ता
*पत्थलगांव (जशपुर)।* तहसील मुख्यालय से लगे ग्राम महुआटिकरा में फसल चोरी का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। किसान की नदी किनारे लगी खड़ी धान की फसल को आधा-अधूरा काटकर ले जाने का आरोप है। पीड़ित किसान ने पत्थलगांव थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है, लेकिन 5 तारीख से आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
*क्या है मामला?*
आवेदक किशोर यादव पिता स्व. बंशीधर यादव, निवासी महुआटिकरा ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि उन्होंने अपने गांव के नदी किनारे स्थित खेत में हर साल की तरह इस साल भी धान की फसल लगाई थी। 5 अक्टूबर 2026 को जब वह खेत देखने गया तो देखा कि खेत में लगी धान की बाली को ऊपर-ऊपर से काट लिया गया है। आधी से ज्यादा फसल गायब थी।
*बोलेरो से आए थे लोग – ग्रामीणों ने बताया*
किसान ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे भोलाशंकर यादव के परिजन अहिल्या यादव, लीलावती यादव और उसका बेटा गुड्डू यादव कुछ मजदूरों के साथ बोलेरो वाहन से खेत में आए थे और धान की बाली काटकर बोलेरो में भरकर ले गए।पीड़ित किसान किशोर यादव ने 5 अक्टूबर को ही पत्थलगांव थाने में लिखित शिकायत दी है। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के 4 दिन बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है, जिससे क्षेत्र के किसानों में आक्रोश है।










