आज होगा गणेश जी का भव्य विसर्जन!शहर में जगह-जगह निकलेंगी शोभायात्राएं, “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से गूंजेगा पत्थलगांव
सम्पादक श्याम नारायण गुप्ता
_उदयपुर एक्सप्रेस | पत्थलगांव | 25 सितंबर 2026_
दस दिनों तक घर-घर और पंडालों में विराजे गणपति बप्पा का आज भव्य विसर्जन होगा। शहर में जगह-जगह से शोभायात्राएं निकलेंगी, जिनमें ढोल-नगाड़ों की थाप, गुलाल और भक्तों के उत्साह के साथ बप्पा को विदाई दी जाएगी।
*विसर्जन स्थलों पर विशेष तैयारी*
प्रशासन ने विसर्जन के लिए निर्धारित स्थलों पर विशेष इंतजाम किए हैं। गोताखोरों की तैनाती, बैरिकेडिंग और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रहेगी। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों का विसर्जन निर्धारित कुंडों में ही करें।
*सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम*
इस संबंध में पत्थलगाव एसडीओपी डॉ. ध्रुवेश जायसवाल ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने शोभायात्रा मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है, वहीं संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात रहेगा।
*भावुक विदाई की तैयारी*
“गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों के बीच श्रद्धालु अपने विघ्नहर्ता को भावभीनी विदाई देंगे। दस दिन की भक्ति, आरती और प्रसाद के बाद आज का दिन भावुक विदाई का होगा।










